विश्वकर्मा इलेवन ने जीता फुटबाल का फाइनल
बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में चल रहे खेल उत्सव के दूसरे दिन फुटबाल एवं कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। फुटबाल के फाइनल मैंच में पेनाल्टी शूट आउट में विश्वकर्मा इलेवन ने पुलिस लाइन को हराकर मैच जीत लिया।
पं. दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेें चल रहे तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को कबड्डी प्रतियोगिताओं में जिले की 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें टिकरा, टीकापुर, स्पोर्ट्स स्टेडियम, हैदरगढ़, त्रिवेदीगंज, तीर गांव, दरहरा, जी आई सी बाराबंकी, पुलिस लाइन आदि टीमें शामिल हुई। कबड्डी की प्रतियोगिता में तीर गांव, त्रिवेदी गंज एवं जीआईसी की टीमों ने सेमी फाइनल में अपना स्थान बनाया। कबड्डी का सेमीफाइनल और फाइनल मैच बुधवार को खेला जाएगा। फुटबाल में जिले की 6 टीमो में गैलेक्टिक इलेवन, विश्वकर्मा फुटबाल इलेवन, एक्सा इलेवन, पुलिस लाइन एवं स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीमें शामिल रही। फाइनल मुकाबला पुलिस लाइन एवं विश्वकर्मा इलेवन की टीमों के मध्य खेल गया। दोनों टीमें निर्धारित समय तक बराबरी पर रही। विश्वकर्मा इलेवन की ओर से विश्वजीत, अखिल, आलोक, प्रकाश, अभिषेक, अमित आदि ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच निर्णय के लिए पेनाल्टी शूट आउट कराया गया जिसमें विश्वकर्मा इलेवन ने 3-2 से पुलिस लाइन की टीम पर रोमांचक जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि एडीएम अनिल कुमार सिंह ने फाइनल मैच के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया एवं दोनों टीमों के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह सिद्धू, प्रशांत मिश्रा, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, रचना श्रीवास्तव, हर्षित वर्मा, सरिता सिंह, लक्ष्मी गुप्ता, सीपी गुप्ता आदि मौजूद रहे।