टिकैतनगर (बाराबंकी)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनगांवा में ग्राम समाज की सुरक्षित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम समाज की तालाब, पोखर और खलिहान की जमीनों पर अतिक्रमण करने वाले करीब 150 लोगों को नोटिस जारी कर 19.20 लाख रुपये का जुर्माना भरने का निर्देश दिया है।
क्षेत्र के बनगांवा, सराही, बक्सूपुर, जलपापुर सहित कई गांवों में वर्षों से ग्राम समाज में चिह्नित जमीन पर अवैध कब्जेदारी का खेल चल रहा है। राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि लगभग डेढ़ सौ लोगों ने अलग-अलग हिस्सों में ग्राम समाज की जमीन पर निर्माण कार्य या खेती कर कब्जा कर रखा है। इसकी रिपोर्ट तैयार होने के बाद तहसील प्रशासन ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है। इनमें विजय सिंह, सुखदेव, पहलवान, अबरार, अहमद, तिलक राम, मालिक राम, ननकू, जमील, रईस, कलीम, रोशन शाहिद 32 लोगों को अवैध कब्जा खाली करने व कई अन्य को जुर्माना भरने के लिए राजस्व वसूली की नोटिस जारी की गई है।
उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट अनुराग ने बताया कि कब्जा की गई जमीन को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ कब्जा करने वाले सभी 150 व्यक्तियों से जमीन के अवैध प्रयोग के एवज में आर्थिक दंड भी वसूला जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति पर कब्जे की मात्रा और प्रकृति के अनुसार जुर्माना निर्धारित किया गया है। कुल मिलाकर यह जुर्माना 19.20 लाख रुपये है।
बताया कि यदि निर्धारित समय सीमा में चिह्नित लोगों ने अतिक्रमण हटाकर तय जुर्माना अदा नहीं किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ आरसी जारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। यह कार्रवाई ग्राम समाज की भूमि को सुरक्षित रखने और अतिक्रमण पर सख्ती के प्रशासनिक निर्देशों के तहत की जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें तहसीलदार न्यायालय के यहां से जारी नोटिस प्राप्त हुई है। इसमें तालाब,पोखर और खलिहान पर कब्जे की जमीन को खाली करने के लिए कहा गया है।