मीरापुर में आग से लगभग 15 मकान जलकर राख हो गये। दो किशोरियां भी झुलस गईं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में दस लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पीड़ितों को आर्थिक मदद दिलाने के लिए क्षेत्रीय विधायक ने आश्वासन दिया है।
थाना कोठी क्षेत्र के मीरापुर गांव में मंगलवार दोपहर गांव निवासी राजू के घर अचानक आग लग गयी। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक लपटों ने गांव के ही नन्दू, गंगा राम, राजाराम, रामकिशोर, मनोहर, रामसुरेश, सत्रोहन, भारत, रामरूप आदि करीब 15 घरों को अपनी आगोश में ले लिया।
आग से दो किशोरियां प्रीति (17) और नीता (15) झुलस गईं। इन्हें सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। आग की चपेट में आने से घर में रखी नगदी, राशन, कपड़ा आदि लगभग 10 लाख का सामान जलकर राख हो गया।
ग्राम प्रधान की सूचना पर लगभग आग लगने के करीब 50 मिनट बाद हैदरगढ़ फायर स्टेशन पहुंचे दमकल कर्मियों व ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल ने पीड़ितों की नुकसान की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी है।