बाराबंकी। हुनरमंदों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। इसमें प्रशिक्षण देकर उनके कौशल विकास को और निखार कर अब उन्हें ऋण देकर रोजगार उपलब्ध कराएगी। योजना के तहत प्रशिक्षण ले चुके कारीगरों को बृहस्पतिवार को लखनऊ में होने वाले यूपी दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को प्रशिक्षित कारीगार लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का संचालन जिला उद्योग केंद्र से किया जा रहा है। इसके तहत लोहार, दर्जी, चिकनकारी, नाई, मोची और बढ़ई आदि ट्रेड में 117 अभ्यर्थियों को छह दिवसीय प्रशिक्षण देकर उनकी कौशल दक्षता को निपुण किया गया है।
आगामी 24 जनवरी को लखनऊ के हस्तशिल्प ग्राम में आयोजित यूपी दिवस के मौके पर जिले के 20 हुनरमंदों को बुलाया गया है। पटल सहायक अभय चौरसिया ने बताया कि इसमें से लोहार ट्रेड में प्रशिक्षण ले चुके पुष्पेंद्र कुमार को मंच में मुख्यमंत्री योदी आदित्यनाथ टूल किट देकर सम्मानित करेंगे, वहीं बाकी के 19 प्रशिक्षकों को उद्योग मंत्री द्वारा किट प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण ले चुके 117 अभ्यर्थियों में से जिसे स्वरोजगार के लिए ऋण की आवश्यकता होगी उसे अनुदान पर विभाग द्वारा लोन दिलवाया जाएगा।