27 को बंटेंगे दूसरे चरण के कर्जमाफी प्रमाण-पत्र
बाराबंकी। पहले चरण में आधार से लिंक 34224 में से पांच हजार किसानों को ऋणमाफी का प्रमाण-पत्र वितरण किए जाने के बाद अब प्रशासन दूसरे चरण के किसानों को प्रमाण-पत्र देने की तैयारियों में जुट गया है। उधर, पहले चरण के शेष किसानों को प्रमाण-पत्र देने के लिए तहसील मुख्यालयों पर इसी सप्ताह से कैंप लगने शुरू हो जाएंगे। दूसरे चरण में 33131 किसानों के आधारकार्डों की फीडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस प्रकार फसली ऋणमोचन योजना में लाभान्वित होने वाले कुल 144555 किसानों में से अब तक 94857 किसानों का आधार फीड हो चुका है।
पहले चरण के ऋणमाफी प्रमाण-पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किए जाने के बाद अब जिला प्रशासन ने दूसरे चरण के आधार से लिंक होने वाले किसानों को प्रमाण-पत्र देने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार दूसरे चरण का यह कार्यक्रम 27 सितंबर को ऑडिटोरियम में ही आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान किसानों को प्रमाण-पत्र बांटेंगे। उधर, पहले चरण के आधार से लिंक हुए 34224 किसानों में से पांच हजार किसानों को प्रमाण-पत्र दिए जाने के बाद शेष किसानों को भी तहसील स्तर पर प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए हर तहसील मुख्यालय पर इसी सप्ताह से कैंप शुरू हो जाएंगे। तीन चरणों में होने वाले प्रमाण-पत्रों के वितरण के बाद डीएलसी (जिला स्तरीय कमेटी) के पास जांच के लिए पड़े प्रकरणों पर विचार कर नियमानुसार लाभ दिए जाने की कार्यवाही की जाएगी। वहीं, ऋणमाफी का लाभ न पाने वाले लगभग एक दर्जन किसानों ने डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक लिखित व ऑनलाइन शिकायत की है। इन शिकायतों पर प्रशासन जल्द ही लाभ न मिलने की जांच कर रिपोर्ट देगा।
वर्जन
दूसरे चरण के तहत अब तक 33131 किसानों का आधार फीड हो चुुका है। दूसरे चरण के ऋणमाफी प्रमाण-पत्रों के वितरण का कार्यक्रम 27 सितंबर को फिर आयोजित किया जाएगा। इस बीच पहले चरण के शेष किसानों को तहसीलस्तर पर प्रमाण पत्र देने की शुरुआत इसी सप्ताह से शुरू हो जाएगी।
- संजीव कुमार, नोडल अफसर, फसली ऋणमोचन योजना