धार्मिक स्थलों से उतरने लगे लाउडस्पीकर
मसौली (बाराबंकी)। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाने का कार्य शुरू हो गया है। शनिवार को मसौली थानाध्यक्ष परशुराम ओझा ने कई गांवों व कस्बों में जाकर ग्रामीणों के सहयोग से मंदिरों व मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर उतरवाए।
मालूम हो कि, हाईकोर्ट ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने के आदेश दिए हैं। साथ ही धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए 15 जनवरी तक प्रशासन से अनुमति लेने को कहा गया है। जुलूस और बारातों को भी लाउडस्पीकर व डीजे बजाने के लिए अनुमति लेनी होगी। शनिवार को थानाध्यक्ष परशुराम ओझा ने ग्राम कोटवा, अमदहा, मेडिया, धरौली सहित कस्बा शहाबपुर व बांसा में मंदिरों व मस्जिद पर लगे लाउडस्पीकरों को समाज के लोगों के सहयोग से उतरवाया। बांसा में सैय्यद अब्दुर्रज्जाक शाह की मजार शरीफ पर लगे लाउडस्पीकर को वहां के मुजाविरों ने स्वयं उतारकर हाईकोर्ट के आदेश का पालन किया।