मौजूदा व पूर्व प्रधान विवाद में 26 पर रिपोर्ट, छह गिरफ्तार
कुर्सी (बाराबंकी)। पूर्व प्रधान व मौजूदा प्रधान के बीच हुई मारपीट में पुलिस ने दोनों पक्ष के 26 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने इनमें से छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गांव में तनाव को देखते हुए अभी भी पुलिस फोर्स तैनात है।
कुर्सी थाना क्षेत्र के गगौली गांव निवासी पूर्व प्रधान यासिर व मौजूदा प्रधान सहजराम के बीच बुधवार को हुए विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई थी। इस घटना में दोनों पक्ष से आठ लोग घायल हुए थे। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल व पीएसी ने पहुंचकर स्थिति शांत किया था। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में दोनों पक्ष के चौदह नामजद व बारह अज्ञात समेत 26 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कहा पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात होने की बात कही।