प्रीति का था नदी में मिला सिर कटा शव
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा थाना क्षेत्र स्थित गोमती नदी से बरामद शव ख्वाजापुर गांव की प्रीती निकला। नदी में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों से मिलने पर पिता ने उसकी शिनाख्त की है। बीमारी से मौत होने पर परिवारीजनों ने शव को नदी में प्रवाहित कर दिया था।
27 जून की शाम को धौरहरा घाट के निकट एक किशोरी का शव गोमती नदी के पानी में उतराता देखा गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव से सिर कटा होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर यादव ने बताया कि बरामद शव थाना क्षेत्र के ख्वाजापुर गांव निवासी रामबहादुर की ग्यारह वर्षीय पुत्री प्रीती है। रामबहादुर ने पुलिस को बताया 24 जून को प्रीती की मौत चेचक निकलने से हुई थी। इसके बाद गोमती नदी के पिपरा घाट पर शव को नदी में प्रवाहित कर दिया गया था। किशोरी के सलवार सूट से उसकी शिनाख्त हुई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गला दबाकर हुई थी किसान की हत्या
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। माधपुर में खेत में मृत मिले किसान की गला दबा कर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीते 27 जून की शाम लोनीकटरा के माधपुर गांव के निवासी रामसनेही आबादी से दो सौ मीटर दूर खेत में धान की बेड़न में मृत पाए गए थे। मृतक की पत्नी सुषमा की शिकायत पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। थाना के प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर यादव ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। कहा कि शीघ्र ही घटना का खुलासा हो जाएगा।