डीपीआरओ के सामने प्रधान व पूर्व प्रधान में मारपीट
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। एक वर्ष पहले हुए खड़ंजा निर्माण की जांच के दौरान डीपीआरओ के सामने ही प्रधान व पूर्व प्रधान के बीच जमकर हो गई। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे की शिकायत की है।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दूंदीपुर गांव में एक वर्ष पहले लगे खड़ंजा मार्ग की जांच करने बुधवार को डीपीआरओ आशुतोष अन्य अधिकारियों के साथ गए थे। गांव में पूर्व प्रधान रामखिलावन के मकान के निकट खड़ंजा नहीं होने के सवाल पर प्रधान विमल कुमार ने अधिकारियों को मार्ग की ईंटें उखाड़कर गायब करने की जानकारी दी। जबकि पूर्व प्रधान के अनुसार सहन में इनके मना करने पर पंचायत से खड़ंजा मार्ग लगाया ही नहीं गया। इसी को लेकर विवाद पर प्रधान व पूर्व प्रधान के बीच मारपीट शुरू हो गई। मौके पर खूब हंगामा हुआ। प्रधान की सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। अधिकारियों ने दोनो पक्षों को समझाकर शांत किया। प्रधान ने पूर्व प्रधान राम खिलवान के पुत्र नेकराम, हरीराम, लवलेश व नीलू पर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं नेकराम ने प्रधान विमल कुमार, उनके पिता भगवानदीन, सजीवन व राकेश पर पीटने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। प्रभारी निरीक्षक बीपी यादव ने बताया कि, दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।