मरम्मत कार्य में भी की जा रही लीपापोती
बाराबंकी। रेठ नदी पर बने नवनिर्मित पुल के निर्माण में बरती गई लापरवाही से एप्रोच धंसने से विभाग पर कोई फर्क पड़ता दिखाई नहीं दे रहा है। विभागीय अधिकारी अब मरम्मत कार्य में भी लीपापोती कर रहे हैं। रविवार को जहां पर गड्ढा हुआ था वहां पर गिट्टी डालने तक का कार्य ही सीमित है। अधिकारी छुट्टी मनाते रहे और राहगीर जान जोखिम में डालकर गुजरते रहे।
मालूम हो कि आलापुर के पास रेठ नदी पर दो करोड़ की लागत से बने पुल में की गई धांधली पहली बारिश में एप्रोच धंसने से उजागर हो गई। पहले तो अधिकारी मामले को दबाते रहे। अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो, हरकत में आए विभाग ने मरम्मत कार्य शुरु करा दिया। शनिवार को गड्ढे में बोल्डर डालकर कुटाई का कार्य की औपचारिकता शुुरु की। गड्ढ़े में गिट्टी डालकर पाटवाने के बाद डामरीकरण का कार्य नहीं हो सका, वहीं एक हिस्से में आई दरार को भरने के लिए नाम मात्र का सीमेंट का मसाला लगवा दिया। इस तरह से मसाला लगाया की दरार तक नहीं भर सकी। लोक निर्माण विभाग मरम्मत कार्य में भी पूरी तरह से लीपा पोती कर रहा है। रविवार को कर्मचारी छुट्टी मनाते रहे और धंसे एप्रोच से जान जोखिम में डालकर राहगीर गुजरते रहे।
-
रविवार को कर्मचारी लगाए गए थे जो मरम्मत कार्य कर रहे थे। जहां पर कम दरार थी उसे सीमेंट के मसाला से भरवा दिया गया है।यदि कोई कमी रह गई है तो उसे भी दूर कर दिया जाएगा।
- ओपी सोनकर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण खंड तीन