विवाहिता की गला दबाकर हत्या
पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा
दरियाबाद के बीकापुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
दरियाबाद (बाराबंकी)। दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मां की तहरीर पर पति समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
मामला दरियाबाद थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव का है। यहां के निवासी संतोष मिश्र का विवाह तीन वर्ष पूर्व कोठी थाना क्षेत्र के कस्बा सेमरावा निवासी राजेश दीक्षित की पुत्री बब्ली के साथ हुआ था। बुधवार सुबह दरियाबाद पुलिस को सूचना मिली की बीकापुर में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतका की मां सरोज कुमारी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री बब्ली की ससुराल के लोग आये दिन दहेज को लेकर उसको मारा-पीटा करते थे। कई बार सुलह-समझौता भी कराया गया। मंगलवार रात आठ बजे बेटी की ससुराल से फोन आया कि बब्ली बीमार है। घर के लोग तैयार ही हो रहे थे कि दस मिनट बाद दोबारा फोन कर उसकी मौत की सूचना दी गई। उसका आरोप है कि घटना को छुपाने के लिए बेटी की बीमारी और फिर मौत की सूचना दी। दरियाबाद के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति, सास-ससुर व देवर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
मासूम के सिर उठा मां का साया
अभी बेटे का नामकरण तक नहीं हुआ कि उसके सिर से मां का साया उठ गया। नव विवाहिता बब्ली की गोद में 11 माह का मासूम बेटा था। आसपा लोगों का कहना है कि दरिंदों से हत्या से पहले मासूम के बारे में भी नहीं सोचा। अभी मासूम मां को पुकार भी नहीं पाया और मां उसका साथ छोड़ गई। एक तरफ मासूम की नानी उसे अपने साथ लाने की बात कर रही थी, तो दूसरी तरफ ससुराली उसे मौके से कही लेकर चले गए।