बाराबंकी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में और विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत चिह्नित किए गए 114 हेल्थ वेलनेस सेंटरों को उच्चीकृत किया जाएगा। यहां पर एक सीएचओ की तैनाती भी की जाएगी। शासन स्तर से मिले निर्देशों के बाद इसको लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिले में मौजूदा समय में करीब 353 हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से 114 सेंटरों को उच्चीकृत करने के लिए चिह्नित किया गया है। एक सेंटर के उच्चीकरण पर करीब पांच लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सेंटरों के उच्चीकृत हो जाने के बाद यहां पर एक सीएचओ की तैनाती की जाएगी, जिससे यहां आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा यहां पर जांच की भी सुविधा उपलब्ध होगी। मरीज यहां पर ब्लड, शुगर, ब्लडप्रेशर समेत अन्य कई प्रकार की जांचें आसानी से करा सकेंगे। इसको लेकर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की जनता को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा सकें। इस बाबत सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि चिह्नित किए गए हेल्थ वेलनेस सेंटरों को उच्चीकृत करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश संबंधित को दे दिए गए हैं।