कुंभ व राम मंदिर पर पैैसे खर्च करने से नहीं होगा गरीबों का विकास : ओमप्रकाश राजभर
जैदपुर (बाराबंकी)। जब चुनाव आता है तभी भाजपा को राम मंदिर मुद्दा याद आता है और चुनाव बीतते ही सब भूल जाते हैं। कुंभ और राम मंदिर पर पैसे खर्च करने से गरीबों का विकास नहीं होने वाला है। कुंभ में पांच हजार करोड़ रुपये खर्च करने की क्या जरूरत है।
पिछली सरकार ने 900 करोड़ रुपये में कुंभ का आयोजन किया था। तो आखिर इतने पैसे खर्च करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। ये बातें प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को जैदपुर कस्बे के बंगला बाजार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुुए कहीं।
राजभर ने कहा कि अगर 24 फरवरी तक प्रदेश सरकार ने उनकी बात नहीं मानी तो प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर उनकी पार्टी अपने प्रत्याशी लड़ाएगी। इसके बाद भाजपा को हर सीट पर भारी नुकसान होगा।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नेता लखनऊ व दिल्ली में बैठकर कानून बनाते हैं लेकिन उनके बच्चे कान्वेंट स्कूल में क से कंप्यूटर और गरीब के बच्चे परिषदीय विद्यालय में क से कबूतर पढ़ते हैं। शराब बंदी पर राजभर ने कहा कि जब तक प्रदेश में शराब बंद नहीं होगी राजभर लड़ाई लड़ता रहेगा।
उन्होंने सीएम योगी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह गोरखपुर मठ के मठाधीश हैं। विजय गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष आनंन मिश्र, महासचिव विनोद तिवारी, जिलाध्यक्ष सुभाष राजभर, सुरेश लल्ला, राजसरन समेत तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।