अपनी जमीन पर कब्जा पाने को भटक रहा सेवानिवृत्त सैनिक
बाराबंकी। मातृभूमि की रक्षा करने के बाद सेवानिवृत्त हुआ एक सैनिक अब अपनी ही जमीन पर कब्जा पाने के लिए अधिकारियों की चौखट के चक्कर काट रहा है मगर उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को पीड़ित ने एक बार फिर जिलाधिकारी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।
लखनऊ के गोसाईगंज स्थित नेवातिन टोला निवासी सेवानिवृत्त सैनिक हरिप्रसाद तिवारी ने शनिवार को डीएम को शिकायती पत्र सौंपा।
इसमें बताया कि, उसने हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के चौबीसी गांव में एक प्लॉट खरीदा था। एक दिन वह जेसीबी से प्लाट समतल कराने पहुंचा तो पिचौरी निवासी शैलेंद्र, अनीता सिंह, शिवहर्ष, राजेश समेत करीब आठ लोग मौके पर आ धमके और काम रुकवाने के साथ ही धमकी देने लगे।
इससे घबराकर हरिप्रसाद ने वहां से भागकर जान बचाई। उसने 24 मार्च को आरोपियों के खिलाफ हैदरगढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई और संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत की।
इन सबके बावजूद उसे अपनी जमीन पर कब्जा नहीं मिला। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर गुहार लगाने पर भी सुनवाई नहीं हुई।
इस बाबत जिलाधिकारी उदयभानु का कहना है कि, मामला संज्ञान में है। पहले दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया था। अब नए सिरे से फिर शिकायत हुई है, जिस पर पूरे प्रकरण की जांच अपर जिलाधिकारी और एएसपी से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी।