युवक ने केरोसिन डाल लगाई आग, ट्रॉमा रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली के गुलालपुर गांव में युवक ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिवारीजनों व ग्रामीणों ने आग को बुझाकर युवक को सीएचसी पहुंचाया जहां से हालत गंभीर होने के कारण ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मंगलवार को कोतवाली के गुलालपुर गांव में अंबुज सिंह (35) ने दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिवारीजनों व पड़ोसियों ने आग को बुझाकर घटना की सूचना सौ नंबर पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वैन से झुलसे युवक को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। झुलसे युवक की मां ने बताया कि अमेठी में मजदूरी का कार्य करके एक दिन पहले लौटा था। परिवार के लोग बाहर गन्ना की छिलाई कर रहे थे इसी दौरान आग लगने की जानकारी हुई। कोतवाल पीके तिवारी ने कहा झुलसा युवक नशे का आदी बताया जाता है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।