मोटर में उतरे करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिलौली का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
इसरौली (बाराबंकी)। बिलौली गांव में मवेशियों के लिए पानी लेने गया एक बुजुर्ग नल की मोटर में उतरे करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस हो गए। परिवारीजन उन्हें सीएचसी ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिलौली निवासी राम सहारे (65) मंगलवार की दोपहर मवेशियों को पानी पिलाने के लिए घर में लगे नल से पानी भरने गए थे। नल में बंधी मोटर में उतरे करंट की चपेट में आने बुजुर्ग झुलस गया। घरवालों ने देखा तो आनन फानन बुजुर्ग को सीएचसी फतेहपुर ले गए। जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि करंट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई थी। किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं है। अस्पताल की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।