तकनीकी खराबी से दो घंटे बाधित रही ब्रॉडबैंड सेवा
बाराबंकी। तकनीकी दिक्कत आने के कारण पूरे जिले में बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा दो घंटे तक बाधित रही। इस दौरान सरकारी कार्यालयों व निजी कार्यालयों में काम काज बाधित रहा। तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के बाद 12 बजे से सेवाएं शुरू हुई।
गुरुवार को जिले के बीएसएनएल कार्यालय में लगी डिस्लैम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद पूरे जिले में बीएसएनएल की ब्रांड बैंड सेवाएं सुबह 10 बजे से बाधित हो गई। जिसके बाद बीएसएनएल के अधिकारियों व कर्मचारियों के फोन घनघनाने लगे। जानकारी करने के बाद पता चला कि डिस्लैम मशीन में खराबी आ गई है। जिसको दूर करने के लिए जेटीओ सुनील जायसवाल की टीम द्वारा काफी मशक्कत के बाद खामी ठीक की गई। जिसके बाद दोपहर बाद बीएसएनएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा सुचारु हो सकी। एसडीओ वेद प्रकाश ने बताया कि डिस्लैम मशीन में खराबी आने से समस्या उत्पन्न हो गई थी। जिसके दूर होने के बाद 12 बजे से सेवा बहाल हो गई।