पुलिस स्मृति दिवस पर याद किए गए शहीद
बाराबंकी। पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर शनिवार को पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में विभाग के दिवंगत पुलिसकर्मियों को याद किया गया। परेड कर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने शहीदों को सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद एसपी ने डीजीपी की ओर से भेजे गए संदेश को पढ़कर पुलिस स्मृति दिवस का महत्व बताया।
कर्तव्य का निर्वाहन करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर याद किया गया। पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों ने शहीदों की शान में परेड कर सलामी दी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों ने विभाग के शहीदों को सलामी देने के साथ ही पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। एसपी ने पुलिस स्मृति दिवस का महत्व बताया और कहा कि 21 अक्तूबर 1956 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस के जवानों की ओर से दी गई कुर्बानी के मद्देनजर शहीद दिवस मनाया जाता है। एसपी ने कहा कि आज के दिन संवेदनशीलता, समर्पण और त्याग का अप्रतिम उदाहरण प्रस्तुत करने वाले शूरवीरों को याद किया जाता है। इस मौके पर 10वीं वाहनी पीएसी के सेनानायक राजेश कृष्ण, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शशीकांत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिगंबर कुशवाहा समेत सभी सीओ व एसओ, कोतवाल ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ड्यूटी के दौरान जान गवांने वाले पीएसी के सिपाही जगन्नाथ की पत्नी शीला देवी को एसपी ने शाल व पांच हजार रुपये प्रदान कर सम्मानित किया।