बहन से छेड़छाड़ का विरोध पर भाजपा नेता पर जानलेवा हमला
- शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास मोहल्ले की वारदात
बाराबंकी। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की बहन से छेड़छाड़ करने पर दबंगों ने उस पर जान लेवा हमला कर दिया। घटना के बाद साथियों ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर भेजा गया है। इसके विरोध में कोतवाली पहुंचे भाजपाइयों ने हंगामा भी किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी व भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की बहन के साथ बुधवार की रात करीब 9.30 बजे बाजार से लौटते समय कुछ दबंगों ने छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। घर पहुंची युवती ने जब इस बारे में अपने भाई को जानकारी दी तो उसके द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लात, घूसों व डंडो से हमला बोल दिया। इस बीच जानकारी पर पुलिस के पहुंचने से आरोपी भाग निकले। पार्टी कार्यकर्ता पर हमले की जानकारी होते ही कोतवाली में भाजपा व एबीवीपी कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। कोतवाल उमेश बहादुर सिंह ने सभी को समझाकर शांत कराया व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
प्रधान से मारपीट के बाद गांव में तनाव
देवा (बाराबंकी)। देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्वारी गांव के प्रधान दिनेश यादव व मेहंदी हसन के बीच चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद बुधवार की देर रात मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से चले लाठी, डंडों में करीब आधा दर्लन लोगों को चोट पहुंची है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया। एसओ धनंजय सिंह, सीओ सिटी आरएन सिंह, एएसपी दिगंबर कुशवाहा आदि अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराया है। एएसपी ने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात है। कहा जो भी दोषी है जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।