55 हजार नौनिहालों के नहीं बने आधारकार्ड
बाराबंकी। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर 55 हजार ऐसे नौनिहाल पंजीकृत हैं, जिनका आधारकार्ड अब तक नहीं बन सका है। विभाग की ओर से संचालित सभी योजनाओं का लाभ आधारकार्ड के बिना नहीं दिया जाएगा। विभाग ने बच्चों के आधारकार्ड बनवाने को लेकर केंद्रों पर कैंप लगाने के लिए आधार एजेंसी को पत्र लिखा है।
जिले में संचालित 3052 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 0-6 वर्ष तक के 3.80 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। जिनमें से 55 हजार नौनिहाल ऐसे हैं, जिनका अभी आधारकार्ड नहीं बन सका है। विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ उन्हीं नौनिहालों, गर्भवती व धात्री महिलाओं व किशोरियों को मिलेगा, जिनके पास आधारकार्ड होगा। इसके लिए विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के माध्यम से सर्वे कर सबका आधार नंबर दर्ज कराने को कहा गय था। इनमें से बाकी सबका कोरम तो पूरा हो गया, पर 55 हजार बच्चों के आधारकार्ड न होने के कारण रजिस्टर पर दर्ज होने से छूट गए। विभाग की ओर से आधारकार्ड एजेंसी को पत्र लिखकर केंद्र वार कैंप लगाकर सभी बच्चों के आधारकार्ड बनाने की मांग गई है।
वर्जन
जिन बच्चों का आधारकार्ड नहीं बना है, उन्हें आधार से जोड़ने की तैयारी चल रही है। एजेंसी को इस संबंध में पत्र लिखा गया है। जल्द ही शेष लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
- प्रकाश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी