बाराबंकी। प्लॉट खरीदकर आशियाना बनाने का सपना देखने वाले होशियार हो जाएं। लखनऊ किनारे घर बनाने का सपना देेखने वाले 110 से अधिक लोग करीब 200 करोड़ की जमा पूंजी गंवाने के बाद दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। प्लॉट खरीदने के चक्कर में ठगी का शिकार हुए ये लोग अब पैसा वापस पाने के लिए कोर्ट के चक्कर लगा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई भी कर रही है मगर हर दूसरे या तीसरे दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। करीब 70 मामलों की जांच तो एसपी दिनेश कुुमार सिंह अपनी निगरानी में करा रहे हैं।लखनऊ में बढ़ती भीड़ के कारण लोग लखनऊ से सटे बाराबंकी के इलाकों में जमीन खरीदने के बारे में सोच रहे हैं। देवा, शहर कोतवाली, कुुुर्सी व सतरिख थाना क्षेत्रों में दर्जनों जगहों पर प्लॉटिंग की साइटें चल रही हैं। इन जगहों पर 600 से 2000 रुपये वर्ग फीट के हिसाब से प्लॉट बचे जा रहे हैं। पड़ताल में पता लगा कि बीते दो साल में इन जगहों पर 100 से अधिक लोगों ने प्लॉट खरीदने के प्रापर्टी डीलर व रियल स्टेट कंपनियों को भुगतान किया। एक अधिकारी के अनुसार बीते दो-तीन साल में कम से कम 200 करोड़ की ठगी के केस दर्ज हुए हैं। किसी की रजिस्ट्री नहीं हो सकी है तो कोई रजिस्ट्री के बाद भी प्लॉट पर कब्जा नहीं कर सका है। खास बात यह है कि ठगी का शिकार हुए लोगों में अधिकतर बाहरी जिलों व पूर्वांचल के हैं। अन्य प्रांतों के लोग भी ठगी का शिकार हुए हैं। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। करीब 70 मामलों की जांच उनकी निगरानी में हो रही है। दोषियों पर गैंगस्टर व कुर्की की कार्रवाई लगातार चल रही है।
28 मार्च 2023 को अमेरिका में रहने वाली भारतील मूल की महिला वैज्ञानिक व लखनऊ के जानकीपुरम निवासी आंकाक्षा ने पुलिस को बताया कि देवा के सैहरा गांव में प्लॉट बेचने के नाम पर जानकीपुरम के ही इंद्र बहादुर व अलीगंज के सिराज अहमद 16 लाख रुपये ठग लिए।
देवा क्षेत्र में रियल स्टेट कंपनी देव इंफ्रा डवलपर्स पर प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी के कई केस दर्ज हुए। 16 दिसंबर, 2022 को प्रयागराज के न्यू मफोर्डगंज निवासी पंकज कुमार पांडेय ने किसान पथ के पास प्लॉट के नाम पर ठगी का केस दर्ज कराया।
बीते 13 अप्रैल को लखनऊ के जानकीपुरम निवासी मीमांसा, अल्का प्रचेता और हरिद्वार, उत्तराखंड निवासी संत कुमार ने इंदिरा नगर लखनऊ निवासी सुकेश राजन समेत चार लोगों पर देवा क्षेत्र में प्लॉट देने के नाम पर लाखों की ठगी का केस दर्ज कराया। पुलिस जांच कर रही है।
लखनऊ के आशियाना स्थित रियल स्टेट कंपनी के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सिंह की तहरीर पर बीते सात जनवरी 2023 को शहर कोतवाली में पूर्व ब्लॉक प्रमुख जाकिरुन निशा व उनके पति मुख्तार अहमद पर तीन करोड़ 17 लाख की ठगी का केस दर्ज हुआ। इन पर जमीन के नाम पर ठगी का आरोप है।
बाक्स-
लखनऊ के गोमतीनगर निवासी भूमाफिया संजय सिंगला व शहर के रफीनगर निवासी अतुल वर्मा के गिरोह के खिलाफ करीब 30-30 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। दोनों अपने साथियों के साथ जेल में बंद हैं और राज्य स्तरीय माफिया घोषित किए जा चुके हैं। इनकी करोड़ों की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। इन लोगों ने बीते 10 सालों में इतने लोगों को ठगा कि जांच में जुटी पुलिस बयान लेते-लेते परेशान हो चुकी है।