बाराबंकी। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने वाले गैंगस्टर के दो आरोपियों की चार करोड़ 77 लाख रुपये की जमीनें पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने कुर्क कर दी। मसाली थाना क्षेत्र के शहाबपुर गांव पहुंची टीम ने कुर्की से पहले मुनादी करवाई।इसी साल की शुरुआत में मसौली थाने में शहाबपुर गांव निवासी सगीर अहमद व उसके भाई शकील अहमद के खिलाफ गैंगस्टर का केस दर्ज हुआ था। आरोप है कि इन दोनों ने गिरोह बनाकर सरकारी बंजर भूमि पर पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा किया। इससे धनोपार्जन कर खुद व परिजनों के नाम पर संपत्ति अर्जित की। इन दोनों पर चार-चार केस दर्ज हैं। शनिवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहावपुर गांव स्थित इनकी 12 लाख नौ हजार 600 रुपये कीमत की एक व चार करोड़ 65 लाख, दो हजार, 11 रुपये कीमत की दूसरी जमीन कुर्क कर दी। टीम ने इन जमीनों पर सरकारी बोर्ड लगा दिया है। संवाद