बाराबंकी। दाखिल खारिज के वादों का निस्तारण कराने में संबंधित एसडीएम रुचि नहीं ले रहे हैं। इसके चलते ही राजस्व कोर्ट में वादों की लिस्ट लंबी होती जा रही है। सबसे खराब स्थित सदर तहसील नवाबगंज की है। यहां पर करीब चार हजार से ऊपर वाद लंबित है। इसके अलावा दूसरे नंबर पर हैदरगढ़ तथा तीसरे नंबर पर फतेहपुर तहसील है। समीक्षा बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार ने जिले की सभी छह तहसीलों में करीब 11 हजार वादों के लंबित होने पर नाराजगी जताते हुए सभी एसडीएम को लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
जिले की छह तहसीलों में दाखिल खारिज की के करीब 11 हजार वाद लंबित हैं इनमें से पांच हजार मामले ऐसे हैं जो छह माह से अधिक और छह हजार मामले तीन माह के अंदर के हैं। लेकिन इनका निस्तारण नहीं हो रहा है। निस्तारण न होने से फरियादी दाखिल खारिज के लिए तहसील से लेकर लेखपालों तक के चक्कर काटने की परेशानी उठा रहे हैं। समीक्षा में सामने आया कि दाखिल खारिज के वादों का निस्तारण उस रफ्तार से नहीं हो रहा है, जिसकी अपेक्षा की जा रही है। डीएम ने तहसील स्तरीय अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में बदलाव लाने और दाखिल खारिज के वादों का निस्तारण प्राथमिकता पर पर सुनिश्चित कराने के लिए कहा। साथ ही चेताया कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
एक नजर में
तहसील का नाम लंबित वादों की संख्या
नवाबगंज 4248
हैदरगढ़ 1972
फतेहपुर 1544
रामसनेहीघाट 1273
रामनगर 1081
सिरौलीगौसपुर 977-