कोटवाधाम पीएससी पर आयोजित जनआरोग्य मेले में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक। संवाद
बाराबंकी। पीएचसी पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में टीबी के करीब 11 संदिग्ध मरीज पाए गए। इन सभी की प्राथमिक जांच के बाद मुख्यालय पर बलगम आदि की जांच के लिए बुलाया गया है। वहीं दो मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान पात्र पाए गए करीब 46 लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में करीब 3743 मरीज देखे गए। इनमें महिलाओं की संख्या 1371, पुरुषों की संख्या 1361 और बच्चों की संख्या 1011 रही। इस दौरान सबसे ज्यादा 249 मरीज बुखार के देखे गए। 82 लोगों की कोरोना, 33 लोगों की हेपेटाइटिस बी, पांच लोगों की हेपेटाइटिस सी, 95 लोगों की मलेरिया और 14 लोगों की डेंगू की जांच कराई गई लेकिन एक भी पॉजिटिव नहीं मिला।
इसके अलावा नेत्र के 18, लिवर के 54, सर्दी-जुकाम के 374, गैस्ट्रो के 378, डायबिटीज के 244, त्वचा रोग के 536, खून की कमी के 229, हाइपरटेंशन के 45 मरीज देखे गए।
कोटवाधाम पीएचसी पर दवा लेने आईं राधिका, सीमा, रामकुमार व शहजादे आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा है चिकित्सक को दिखाया तो जांच कराने के बाद दवाएं दीं। सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि सभी चिकित्सकों और कर्मियों को निर्देश दिए गए थे कि मेले में आने वाले मरीजों का विशेष ध्यान रखा जाए, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।