बाराबंकी। कोरोना संक्रमण जिले में इतनी तेजी से फैल रहा है कि हालात दिन ब दिन बिगड़ते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से विकास भवन में तैनात एक लेखाकार की मौत हो गई। जबकि 103 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है तथा संक्रमितों के इलाकों में प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश संबंधित को दिए गए हैं। वहीं विकास भवन को शनिवार को सैनिटाइज कराया जाएगा।
विकास भवन के विकास विभाग में तैनात शहर के जलालपुर निवासी लेखाकार प्रेमचंद्र कन्नौजिया (58) की कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर शुक्रवार को मौत हो गई। परिवारीजनों के अनुसार हालत बिगड़ने पर वह उपचार के लिए हिंद अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। जानकारी के बाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करा दिया है। वहीं विकास भवन में तैनात लेखाकार की मौत के बाद सीडीओ ने शनिवार को परिसर को सैनिटाइज कराने का आदेश दिया है।
इस तरह से जिले में अब तक कोरोना से सात लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 103 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को होम आइसोलेट कराते हुए संक्रमितों के इलाकों में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में कोरोना के केस बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं इसके बाद भी लोगों की सेहत पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है और लोग बिना मास्क के शहर में घूम रहे हैं।
विकास भवन में तैनात एक लेखाकार की मौत होने की जानकारी मिली है। जांच करने पर बताया गया कि वह कोविड पॉजिटिव थे पर लेखाकार की मौत हार्टअटैक से हुई है। फिर भी इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।
-डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ