शांतिपूर्ण मतदान के गुर सीखेंगे चार ट्रेनी आईपीएस अफसर
बाराबंकी। मतदान को शांतिपूर्ण कराने की चुनौतियों के गुर सीखने चार ट्रेनी आईपीएस ने जिले में अपनी आमद दर्ज कराई है। एसपी अजय साहनी के संरक्षण यूपी कैडर के यह सभी आईपीएस मतदान की बारीकियां सीख रहे हैं। मतदान के एक दिन पहले यह आईपीएस पुलिस अधीक्षक के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनाव की तैयारियों का हाल जाना।
लोकसभा का चुनाव शांतिपूर्ण कराना पुलिस प्रशासन के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक के कंधों पर कितनी जिम्मेदारी होती है और वह इस चुनौती से कैसे निबटते हैं। इसके गुर सिखने के लिए शासन ने यूपी कैडर के चार ट्रेनी आईपीएस प्लाश बंसल, सूरज राय, संदीप कुमार मीना प्रथम व संदीप कुमार मीना द्वितीय को जिले में भेजा गया है। अपनी आमद जिले में कराने के बाद यह ट्रेनी आईपीएस एसपी अजय साहनी के साथ मतदान को लेकर तैयार किए गए पुलिस के सुरक्षा चक्र से रूबरू हुए। एसपी के साथ रविवार को पोलिंग बूथों पर पहुंचे इन ट्रेनी आईपीएस ने मातहतों के बीच एसपी की वार्ता की बड़ी ही तन्मयता से सुना और कुछ सवाल कर अपनी जिज्ञासा भी शांत की।