जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप जैदपुर मार्ग पर चलने की मांगी अनुमति
बाराबंकी। पल्हरी चौराहे पर टैंपो चालकों ने मांगों को लेकर धरना देने के लिए एकत्र हुए थे कि बस चालकों ने इसका विरोध किया। जिससे आक्रोशित टैंपो चालकों ने हंगामा काटना शुरु कर दिया। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल ने टैंपो हटवा दिया तो सभी चालक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए और ज्ञापन देकर संचालन कराए जाने की मांग की।
पल्हरी चौराहे से जैदपुर मार्ग पर टैपों का संचालन बंद करने से आहत चालक गुरुवार को मांगों को लेकर धरना देने एकत्र हुए थे। जिसको लेकर बस ट्रांसपोर्ट के इमरान व टैंपो यूनियन के अध्यक्ष इद्रीश के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंचे शहर कोतवाल ने टैंपो को हटवाकर चौराहे से अलग कर दिया।
जिससे टैंपो चालकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। चालकों ने जनहित संघ के बैनर तले अकबर शाह के नेतृत्व में हंगामा करने के बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। डीएम के न होने पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते हुए टैंपो संचालन को नियमित रखने की मांग की।
वहीं एआरटीओ कार्यालय में तैनात कुछ लिपिकों के काले कारनामों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। धरने में राहुल, राकेश, अशफाक, जुनेद, कृष्णगोपाल आदि मौजूद रहे। वहीं कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।