तिलक समारोह में पहुंची प्रेमिका ने लगाया रेप का आरोप
- सतरिख थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
हरख (बाराबंकी)। गांव की युवती से प्रेम कर उससे शारीरिक संबंध स्थापित करना एक युवक को महंगा पड़ गया। बृहस्पतिवार को युवक के तिलक समारोह के दिन थाने पहुंची युवती ने रेप व उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। युवती का कहना है कि युवक उससे बीते सात साल से संबंध स्थापित कर रहा था और शादी करने का भी वादा किया था। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
सतरिख थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती ने अपने ही गांव के सजातीय परिवार के एक युवक पर शादी का झांसा देकर गत सात वर्षों से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती ने सतरिख थाने पर लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि युवक एक बैंक में कार्य करता है तथा उसका बृहस्पतिवार को तिलकोत्सव भी हो रहा है। युवती ने कहा की जब हमने युवक से शादी के लिए दबाव बनाया तो वह मुकर गया और वह कहीं और से शादी कर रहा है। युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है। प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह का कहना है की युवती की तहरीर मिली है। मामले की जांच करके जो सही होगा उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।