बाराबंकी। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में सिपाही समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में चार लखनऊ के निवासी हैं।
सीतापुर जिले के रेउसा थाने में तैनात सिपाही महेंद्र प्रताप सिंह (55) बुधवार शाम सरकारी काम से लखनऊ के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान बड्डूपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर नहर कोठी के पास बाइक के सामने अचानक आए सांड़ से टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल सिपाही को बड्डूपुर पुलिस सीएचसी महमूदाबाद ले गई, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। रेउसा थाना प्रभारी ने बताया कि महेंद्र प्रताप सिंह भदोही जिले के निवासी थे।
रामनगर कोतवाली क्षेत्र में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर सोमवार रात करीब 12 बजे रामनगर बस स्टेशन के पास बहराइच की ओर जा रहा तेज रफ्तार मालवाहन गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गया, जिसमें मालवाहन के चालक सीतापुर जिले के रामपुरकला थाना क्षेत्र के लालपुर मजरे शंकरपुर गांव के निवासी उदय कुमार सिंह (38) की मौत हो गई। उधर, बुधवार दोपहर करीब एक बजे रानीबाजार चौराहे के पास तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान लखनऊ जिले के थाना हसनगंज के आईटी चौराहा निवासी सूरज कुमार (40) के रूप में हुई। युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
उधर, कुर्सी थाना क्षेत्र के अमरसंडा स्थित पेट्रोल पंप के निकट बुधवार को तीन बजे दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार लखनऊ के अलीगंज निवासी पिंटू गुप्ता ( 24) व दूसरी बाइक पर सवार इंटौजा थाना क्षेत्र के गोहना गांव निवासी सुनील (26) व थाना बीकेटी के भैसामाऊ निवासी छोटू (22) घायल हो गए।
पुलिस ने तीनों घायलों को लखनऊ स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने पिंटू व सुनील को मृत घोषित कर दिया। इसी तरह से बुधवार को सफदरगंज थाना क्षेत्र के अंबौर गांव निवासी संजय कुमार (18) को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर निबहा गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। संजय की केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इसी प्रकार बुधवार शाम सफदरगंज के पास कल्याणी नदी के पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कोठी थाना क्षेत्र के कौरहापुरवा गांव निवासी अमर सिंह (24) की मौत हो गई, जबकि गांव का ही चेतराम (22) की हालत गंभीर है। कोई हेलमेट नहीं लगाए था। दोनों मामा के यहां सीतापुर जा रहे थे। वहीं, रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव निवासी बाइक सवार आकाश सिंह (25) बुधवार को लोनीकटरा थाना क्षेत्र में भिलवल चौराहे पर डिवाइडर से टकरा गए। इलाज के दौरान लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मौत हो गई।
जैदपुर थाना क्षेत्र के गोठिया गांव के पास स्थित टांड़पुरवा रहमानगंज मार्ग पर रहमानगंज की ओर से आ रहे ई-रिक्शा व बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार लखनऊ के जानकीपुरम निवासी नितिन कुमार (26) की मौत हो गई। रिक्शा चालक भी घायल हुआ।
घुंघटेर थाना क्षेत्र में बड़ाकुला गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में रीवा सीवां के दीपू, जामवंत, ज्ञानेंद्र घायल हो गए। इसी प्रकार बदोसराय क्षेेत्र में कोटवाधाम में ही यहीं के निवासी गोपाल यादव (50) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल को केजीएमयू लखनऊ भेजा गया है। इसी प्रकार कोटवाधाम निवासी गोपाल यादव (50) को नशे में धुत बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल गोपाल का इलाज केजीएमयू में चल रहा है।
हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में नयनखेड़ा गांव के पास रात करीब 11 बजे हुए सड़क हादसे में अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुुबेहा थाना क्षेत्र के मल्लाहनपुरवा गांव निवासी हरिश्चंद्र (47) बाइक से जा रहा था। सोमवार रात वह नयनखेड़ा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। उसे सीएचसी हैदरगढ़ से केजीएमयू लखनऊ भेजा गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि उसकी मौत हो गई।