बाराबंकी। नवीन मंडी में लावारिस मिली धान की ट्राॅलियों की जांच तेज हो गई है। बुधवार को मंडी पहुंचे 10 और किसानों ने अभिलेख दिखाते हुए ट्राॅलियां खुद की होने का दावा किया। इसके बाद इनके अभिलेख जमा कर लिए गए हैं और इनका परीक्षण किया जा रहा है।
एसडीएम न्यायिक विवेकशील यादव ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ के साथ सोमवार को नवीन मंडी पहुंच जांच की। इस दौरान परिसर में 30 ट्राॅलियां धान लदी खड़ी थीं। जांच के दौरान पांच किसानों ने मौके पर ही अपने कागज पेश कर दिए थे। इस दौरान 25 ट्राॅलियों को लावारिस घोषित करते हुए अलग खड़ा करा दिया गया था। मंगलवार को पांच किसानों ने पहुंच अपने अभिलेख दिखाए और कहा कि वह गेहूं की सिंचाई करने के चलते ट्राॅली खड़ी कर घर चले गए थे। वहीं बुधवार को 10 और किसानों ने मंडी पहुंच अपना दावा पेश किया। पूरे मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ विपणन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 10 किसानों ने अपने अभिलेख पेश किए हैं। इससे पहले पांच किसानों ने जो कागजात पेश किए थे, उनकी जांच की जा रही है। पूरी रिपोर्ट जिला खाद्य विपणन अधिकारी को भेजी जाएगी। इसके बाद जो निर्देश प्राप्त होंगे उस आधार पर कार्य किया जाएगा।