बाराबंकी। पेंशन पाने वाले लाभार्थियों के सत्यापन कार्य में देरी के चलते लाभार्थियों को पेंशन का इंतजार करना पड़ रहा है। समाज कल्याण विभाग समेत महिला कल्याण और दिव्यांग कल्याण विभाग ने अपने अपने पंजीकृत लाभार्थियों का डाटा एसडीएम और बीडीओ पिछले माह ही उपलब्ध करा दिया था। लेकिन सत्यापन कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। सत्यापन पूरा होने के बाद ही एक लाख 67 हजार अधिक लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिलना है।
पात्रों को ही वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए हर वित्तीय वर्ष के अप्रैल, माह और जून माह में लाभार्थियों का सत्यापन शहरी क्षेत्र में एसडीएम और ग्रामीण क्षेत्र में एसडीएम द्वारा अपने मातहत कर्मचारियों द्वारा कराया जाता है।
मृतक और अपात्र हो चुके लाभार्थियों के नाम सूची से हटाने के बाद पेंशन की धनराशि खातों में भेजी जाती है, लेकिन इस बार पंचायत चुनाव के चलते सत्यापन कार्य देेरी से शुरु होने के बाद भी इसमें तेजी नहीं आ रही है।
जबकि समाज कल्याण, महिला कल्याण और दिव्यांग कल्याण विभागों ने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के कुल एक लाख 67 हजार लाभार्थियों का डाटा तहसील और ब्लॉकों को पिछले माह ही उपलब्ध करा दिया था। फिर भी सत्यापन कार्य में तेजी नहीं आई। ऐसे में लाभार्थियों को जुलाई माह में पेंशन की धनराशि मिल पाएगी, यह कहना जल्दबाजी होगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि सत्यापन का डाटा तहसील और ब्लॉकों पर भेजा जा चुका है। सत्यापन के बाद अभी पूरा डाटा नहीं मिला है। जैसे ही शत प्रतिशत डाटा मिल जाएगा, पेंशन की धनराशि संबंधित खातों में ऑनलाइन भेजी जाएगी।