अपहरकर्ताओं के चंगुल से मुक्त हुए प्रियांशू त्रिपाठी और संगम साहू।
- फोटो : BANDA
बांदा। दो युवकों के अपहरण और उन्हें दो दिन तक बंधक बनाकर मारपीट के प्रकरण में पुलिस पैसों का लेन-देन बता रही है। दूसरी तरफ युवकों के परिजन फिरौती के लिए अपहरण बता रहे हैं। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है। तफ्तीश में चार आरोपियों के नाम शामिल किए हैं। इनमें एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
घटना शहर के कटरा मोहल्ले से जुड़ी है। यहां के सभासद और भाजपा नेता नीरज त्रिपाठी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 6 जुलाई को उनका 22 वर्षीय भतीजा प्रियांशू त्रिपाठी पुत्र पंकज लापता हो गया था।
उसके साथ डीएम कालोनी निवासी संगम साहू (35) पुत्र छोटेलाल भी लापता हुआ। सभासद ने बताया कि उसे फोन पर अपहर्ताओं ने कई जगह बुलाया, लेकिन मिले नहीं। अपहरणकर्ता उसके भतीजे और संगम की रिहाई के लिए दो लाख रुपये फिरौती मांग रहे थे। इसी बीच प्रियांशू ने घर पर फोन कर बताया कि हम लोग बहुत बुरे फंस गए हैं। हमारे साथ मारपीट की जा रही है। हमको मार डालेंगे।
पुलिस ने नीरज की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 364 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि सर्विलांस की मदद से अपहृत दोनों युवकों को बुधवार की शाम शहर के कटरा मोहाल में अमन श्रीवास पुत्र नरेश श्रीवास के घर से छुड़ा लिया गया। अमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में तीन अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
उनकी तलाश की जा रही है। इनमें अमन का एक किराएदार और दो आसपास के रहने वाले युवक हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों के बीच विवाद दो लाख पांच हजार रुपये के लेनदेन का है। फिरौती जैसी कोई बात नहीं है। रिहा कराए गए दोनों युवक उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। दोनों युवकों की चोटों का जिला अस्पताल में परीक्षण कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी अमन को जेल भेज दिया गया है।