बांदा। तीसरी लहर की संभावनाओं के बीच कोरोना संक्रमण को हराने के लिए चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों बांदा, महोबा, हमीरपुर और चित्रकूट का युवा वर्ग टीकाकरण में खास रुझान दिखा रहा है। चित्रकूटधाम मंडल में एक माह में अब तक दो लाख 30 हजार 393 युवाओं ने वैक्सीन लगवाई है। कुल टीकाकरण का यह 31 फीसदी है, जबकि 45 प्लस वर्ग में अब तक तीन लाख 86 हजार 775 ने पहली डोज ली है।
कोरोना से निपटने के लिए शासन का पूरा ध्यान टीकाकरण पर है। चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किए जाने की कवायदें की जा रही हैं। 18 से 44 वर्ष उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए पहली जून से पांचवें चरण के अभियान की शुरुआत की गई है। हालांकि, शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन अब टीकाकरण के प्रति युवाओं का जोश रिकार्ड की तरफ बढ़ रहा है। बानगी के तौर पर में पहली जून से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक यानी एक माह में चित्रकूटधाम मंडल में सवा दो लाख का आंकड़ा पार कर लिया। सिर्फ 17 युवाओं को दूसरी डोज लगी। सबसे ज्यादा बांदा जनपद के 91,682 युवाओं ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई है।
दूसरे नंबर पर महोबा जनपद है। यहां 52,851 युवा वर्ग ने पहली डोज लगवाई है। उधर, चारों जिलों में 45 प्लस वर्ग में अब तक तीन लाख 86 हजार 775 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। इनमें बांदा के 1,07,827, चित्रकूट के 60,306, हमीरपुर के 1,17,336 और महोबा के 1,01,306 शामिल हैं। 53 हजार 848 को दूसरी डोज लग चुकी है। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में अब तक कुल सात लाख 34 हजार 617 ने वैक्सीन लगवाई है। इनमें बांदा टॉप पर है। यहां 2,38,324 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। चित्रकूट में 1,20,671, हमीरपुर में 1,93,420 और महोबा जनपद में 1,82,202 लोगों ने टीका लगवाया है।
चित्रकूटधाम मंडल में युवा वर्ग को लगी वैक्सीन---
जनपद 18 से 44 वर्ष
बांदा 91,694
चित्रकूट 41,002
हमीरपुर 44,862
महोबा 52,851
योग 2,30,409
16 जनवरी से शुरू हुआ टीकाकरण
कोरोना को हराने के लिए टीकाकरण की शुरुआत इसी वर्ष 16 जनवरी से हुई थी। सबसे पहले सरकार ने स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगवाने का आदेश दिया था, जिस पर उनको वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर में शुमार राजस्व, पुलिस व सफाई कर्मियों को टीके लगाए गए। 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का भी टीकाकरण हुआ। इसके बाद एक अप्रैल से शासन ने 45 प्लस वर्ग के लोगों को वैक्सीन के निर्देश जारी कर दिए। इस वर्ग के लोगों ने टीकाकरण में काफी दिलचस्पी दिखाई। बूथों पर भीड़ रही, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर ने टीकाकरण ठप कर दिया। संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद और पहली जून से युवाओं को वैक्सीन लगाने के आदेश जारी होने पर अब फिर केंद्रों में वैक्सीन लगवाने के लिए भीड़ जुटने लगी।
63 हजार हेल्थ, फ्रंटलाइन वर्करों को लग चुका टीका
चित्रकूटधाम मंडल में हेल्थ और फ्रंट लाइन वर्करों में अब तक 63,584 ने वैक्सीन लगवाई है। इनमें 30,994 स्वास्थ्य कर्मी और 32,590 फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं। हेल्थ वर्करों में 17,404 को पहली और 13,590 को दूसरी डोज लगी। हालांकि, टीकाकरण के लिए पंजीकरण 18,928 ने कराया था। उधर, फ्रंटलाइन वर्करों में ऑनलाइन पंजीकरण 21,429 ने कराया, लेकिन 19,950 ने पहली और 12,640 ने दूसरी डोज लगवाई है।
टीका लगवाने को युवा वर्ग में ज्यादा रुचि
कोरोना को मात टीकाकरण से ही दिया जा सकता है। वैक्सीन लगवाने में युवा वर्ग ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि एक माह में चारों जिलों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा में 2.30 लाख युवाओं ने वैक्सीन लगवा ली है, जबकि 45 प्लस वर्ग के टीकाकरण में सुस्ती आई है। फिलहाल वैक्सीन पर्याप्त है। सभी प्रमुख बूथों में टीकाकरण किया जा रहा है।
- डा. आरबी गौतम, अपर निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य), बांदा।