बांदा। शराब के लती व्यक्ति की घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। भाई ने पड़ोसियों पर मकान हथियाने के लिए साजिश के तहत शराब पिलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के तुलसीनगर स्टेशन रोड निवासी हरिओम गुप्ता (46) की मंगलवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। छोटे भाई शिवओम गुप्ता ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि हरिओम का इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने हरिओम को शराब पीने से मना किया गया था, लेकिन एक साल से पड़ोस के तीन लोग साजिश के तहत लगभग डेढ़ करोड़ का मकान हथियाने के लिए हरिओम को लगातार शराब पिला रहे थे। इसी के चलते उसकी मौत हुई है। मंगलवार को भी हरिओम ने तीन पड़ोसियों के साथ घर में शराब पी थी।
भाई का कहना है कि साल भर पहले छोटे भाई नवीन गुप्ता ने हरिओम का इलाज भिलाई छत्तीसगढ़ में कराया था, जिससे वह ठीक हो गया था। पिछले साल होली को अतर्रा आ गया था, यहां फिर से पड़ोसियों ने शराब पिलाना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने शराब पिलाकर मकान की वसीयत भी करा ली है। पिता का स्वर्गवास हो चुका है। मां शकुंतला, बहन तृप्ति गुप्ता के साथ रायगढ़ में रह रहीं हैं।
हरिओम अविवाहित था। शराब, जुआ का लती था। उधर, अतर्रा कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच कराई जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।