बांदा। शराब पीने के दौरान हुई मारपीट में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी अभी पकड़े नहीं गए हैं।
गिरवां थाना क्षेत्र के मुरवां गांव निवासी किसान रामचंद्र (45) अपने घर में अकेला रहता था। गांव में छह बीघा जमीन में खेती-किसानी करता था। पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर की शाम वह अपने घर में पड़ोसियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान पड़ोसियों से किसी बात पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते पड़ोसियों ने रामचंद्र को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार मची तो आवाज सुनकर उसकी मां तुलसा पहुंच गईं, इस पर हमलावर वहां से भाग निकले।
पुलिस को जानकारी हुई तो फौरन घायल रामचंद्र को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शुक्रवार की रात उसने दम तोड़ दिया। बड़े भाई सूबेदार मेजर उमेशचंद्र गौतम ने बताया कि घर में शराब पीने के दौरान मारपीट हुई थी।
गिरवां थानाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में उसको पीटने की बात बताई जा रही है। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बड़े भाई सूबेदार मेजर उमेशचंद्र गौतम ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में छोटा था। 10 माह पहले मृतक की पत्नी देवरानी ने जहर खाकर खुदकुशी की थी। उसके दो पुत्रियां प्रार्थना व नेहा अपने ननिहाल गर्गनपुरवा में रहती हैं। रामचंद्र गांव में अलग मकान में अकेले रहता था।