बांदा। बहन की शादी से चार दिन पहले युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजन पारिवारिक विवाद में आत्महत्या की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी पंकज यादव (20) का शव घर से आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत में लगे बबूल के पेड़ से लटका मिला। सोमवार को सुबह ग्रामीणों ने शव फंदे से लटका देखा तो परिजनों को जानकारी दी। बड़े भाई सुरेश ने बताया कि 26 अप्रैल को छोटी बहन रानी की शादी है। बरात बछेही गांव से आनी है। शादी की तैयारी के लिए पंकज पूना से 14 अप्रैल को गांव आया था।
रविवार की रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता सूरजपाल निमंत्रण में गए थे। घर में मां कुसुमा, बहन रानी और बहन माया थी। सुरेश ने बताया कि पंकज मां से 1500 रुपये मांगने लगा। रुपये न देने पर उसने मां और बहनों से झगड़ाकर मारपीट की। इस पर मां ने उसे 1500 रुपये दे दिए। इसके बाद वह साइकिल लेकर घर से निकल गया और आत्मघाती कदम उठा लिया।
पिता सूरजपाल किसान हैं। उनके पास सात बीघा जमीन है। बिसंडा थाना इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि शराब के नशे में घर में झगड़ा हुआ था, इसी के चलते पंकज से खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।