फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी दिवस पर सवा करोड़ की सौगात

विज्ञापन
यूपी स्थापना दिवस पर लाभार्थी और विधायक चंद्रपाल कुशवाहा व बृजेश प्रजापति, साथ में डीएम आनंद कुम? - फोटो : BANDA
विज्ञापन
बांदा। यूपी स्थापना दिवस का आगाज कई योजनाओं से लाभार्थियों को सौगातें देकर किया गया। दो दर्जन से ज्यादा लाभार्थियों को सवा करोड़ रुपये से ज्यादा का लाभ दिया गया। इनमें किसान, दिव्यांग, श्रमिक और महिला समूह आदि शामिल हैं। विधायकों और जिलाधिकारी ने उन्हें प्रमाणपत्र इत्यादि सौंपे।
विज्ञापन

जेएन डिग्री कालेज परिसर में रविवार को भव्य तैयारियों के बीच स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान कई विभागों ने अपने स्टाल लगाए। विधायक बृजेश प्रजापति और डीएम आनंद कुमार सिंह ने शुभारंभ किया। खेत-तालाब योजना में पांच प्रगतिशील किसानों को प्रति किसान एक लाख 14 हजार 200 रुपये की दर से अनुदान के चेक विधायक बृजेश व चंद्रपाल कुशवाहा ने सौंपे।
कृषि उत्पादन में दो किसानों को इफ्को, नैनो नाइट्रोजन पुरस्कार दिया गया। जिला पंचायती राज विभाग ने स्वच्छाग्रही यशपाल (बहिंगा), दिलीप कुमार (मूंगुस), ललित कुमार (बिसंडी), प्रीति साहू (रेउना) तथा राजमिस्त्री सम्मान कमलेश (मवई बुजुर्ग), नत्थराम (तिंदवारी), भैरम (मवई), राकेश कुमार (डिघवट) को दिया गया।
विज्ञापन

उद्योग विभाग ने संतोष कुमार को टूल किट और एक जनपद-एक उत्पाद योजना में नरेश सोनी को सुनार किट, रामनरेश को राजमिस्त्री किट प्रदान की। श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण कामगार मृत्यु एवं विकलांगता अक्षम्यता पेंशन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 4.50 लाख रुपये व कन्या विवाह अनुदान योजना में तीन लाभार्थियों को 1.65 लाख रुपये की सहायता दी।
चिकित्सा सुविधा योजना में पांच लाभार्थियों को 15 हजार रुपये धनराशि दी गई। संत रविदास शिक्षा सहायता योजना में 10 लाभार्थियों के बच्चों को नि:शुल्क साइकिल प्रदान की गई। लाभार्थियों को साइकिल के साथ विधायकों और डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वॉरियर्स सम्मान
दुग्ध समिति पंचमपुर सिधौरा के सदस्य इंद्रपाल को मुख्यमंत्री की ओर से 51 हजार रुपये का गोकुल पुरस्कार दिया गया। साथ ही कोरोना वॉरियर्स का सम्मान डा. प्रसून खरे व डा. शैलेंद्र सिंह तथा स्टाफ नर्स शिखा सिंह, एलटी विनोद कुमार और सफाई कर्मी केस कुमार को दिया गया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एक करोड़ एक लाख रुपये के डेमो चेक बांटे गए।
मिनी फिल्म सिटी बनाने का सीएम से अनुरोध
विधायक बृजेश प्रजापति ने कहा कि योगी सरकार ने बुंदेलखंड के विकास का रास्ता साफ किया है। उन्होंने नोएडा की तर्ज पर बुंदेलखंड में भी मिनी फिल्म सिटी बनाने का अनुरोध सीएम से किया। बोले, यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस इसके पहले की सरकारों ने नहीं मनाया। विधायक चंद्रपाल कुशवाहा ने कहा कि बुंदेलखंड का दिवारी नृत्य देश-विदेश में यहां का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने नारी शक्ति के सम्मान पर बल दिया।
डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में विकास की दिशा में नए आयाम दिए जा रहे हैं। कहा कि हर रविवार को जिले के 46 स्थानों पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेला लगाया जा रहा है। यहां नि:शुल्क जांच और इलाज हो रहा है। विधायकों और डीएम ने कई स्टालों का भी अवलोकन किया। इस मौके पर सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान, कार्यक्रम आयोजक एनआरएलएम के डिप्टी कमिश्नर करुणा शंकर पांडेय, डीपीआरओ सर्वेश कुमार पांडे, श्रम उपायुक्त सहित अपर जिला सूचना अधिकारी शारदा आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें