बबेरू। मंडलायुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्वास्थ्य कर्मी नदारद मिले। मंडलायुक्त ने उन पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त के अचानक सीएचसी पहुंचने पर वहां हड़कंप मच गया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, महिला वार्ड, दवा काउंटर, सीसीटीवी कैमरा व उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान रजिस्टर में चिकित्सकों, फार्मासिस्ट व कर्मचारी के हस्ताक्षर न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद न रहे कर्मियों पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार गरीबों के इलाज के लिए तमाम योजनाएं चला रही है। उसका लाभ सभी को मिलना चाहिए। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. रामनरेश पटेल, डॉ. सिद्धार्थ मनोहर, फार्मासिस्ट ज्ञान सिंह, अविनाश मिश्रा, सतबीर, सूरज सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। (संवाद)