बांदा। दुर्गा पूजा महोत्सव, विजयादशमी व दीपावली के त्योहारों को सकुशल कराने को लेकर रविवार को पुलिस लाइन में एएसपी शिवराज की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों व अन्य पदाधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक की गई। बैठक में दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों से सुझाव व उनकी चिंताओं के बारे में जानकारी ली गई।
एएसपी ने बताया कि इन त्योहारों के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही, महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी की निगरानी, यातायात प्रबंधन, और एंटी-सोशल तत्वों पर विशेष ध्यान देने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा, बैठक में सभी समुदायों से आपसी सहयोग की अपील की गई ताकि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके। सभी सदस्यों ने पुलिस के साथ मिलकर कार्य करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहने का संकल्प लिया।
दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान दुर्गा पंडालों के आस-पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए गए हैं, इन स्थानों पर पर्याप्त संख्या में महिला आरक्षियों को भी लगाया गया है जिससे महिलाओं को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। बैठक के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला, सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह, कोतवाल पंकज सिंह, पूजा महोत्सव समिति अध्यक्ष अमित सेठ (भोलू), दूर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी अभिषेक पाण्डेय आदि रहे।