बांदा। घर से खेत में पानी लगाने के लिए निकली महिला का शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम समेत डॉग स्क्वाॅड मौके पर पहुंच गई।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी राजनिया (45) पत्नी फूलचंद्र मंगलवार की सुबह अपने घर से खेतों की सिंचाई करने के लिए निकली थी। शाम के समय महिला का शव गांव के ही तालाब में पड़ा मिला। सिर पानी में डूबा हुआ था, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा पानी से बाहर था। चरवाहों ने शव पड़ा देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी थी। खबर पाकर सीओ गवेंद्रपाल गौतम, अतर्रा कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी, कस्बा इंचार्ज केडी त्रिपाठी समेत सब इंसपेक्टर प्रेमपाल मौके पर पहुंचे। छोटी बेटी नीतू ने बताया कि मां सुबह लगभग सात बजे खेत जाने के लिए कहकर निकली थी।सीओ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।