अतर्रा। कोतवाली क्षेत्र के अत्री नगर मोहल्ला निवासी नीलम (30) का शव संदिग्ध हालात में कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। बच्चों के रोने पर पड़ोसियों ने जाकर देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। पति नदारद है। घर में आपसी मारपीट के बाद जहर खाने से महिला की मौत की आशंका जताई जा रही है।
पड़ोसियों के मुताबिक, पति रामनरेश उर्फ रानू बिहार में सरकारी अध्यापक हैं। शनिवार को नीलम और पति के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। आशंका है कि इसके बाद महिला ने जहर खा लिया है। नीलम की शादी 12 साल पहले हुई थी। छह और सात वर्ष के दो बच्चे हैं। घटना के समय घर के अन्य सदस्य मजदूरी करने गए थे। नीलम का मायका कर्वी में है। पुलिस ने मायके पक्ष को सूचना दी है। अभी मायके पक्ष से कोई नहीं आया है।
कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।