बांदा में पति से हुए विवाद के बाद संदिग्ध परिस्थिति में आग से झुलसी महिला की जिला अस्पताल से कानपुर ले जाते समय रास्ते में देर रात मौत हो गई। मायके पक्ष ने खाना बनाने को लेकर पति पर नशे में पीटकर केरोसिन डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खुटला मोहल्ले में शनिवार को दोपहर जोगमाया (30) के कपड़ों में अचानक आग लग गई थी। धुआं उठता देख उसकी भतीजी आकांक्षा ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उसके भी हाथ झुलस गए थे। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को ठिलिया में लिटाकर अस्पताल ले जाया गया। वहां उसके भाई गाजीपुर थाना नरैनी निवासी योगेंद्र ने बताया कि पति मुकेश से विवाद होने पर उसने अपने ऊपर केरोसिन डाल लिया था। पति ने तैश में आकर आग लगा दी। हालांकि ससुरालियों ने बताया कि आपसी विवाद के बाद विवाहिता ने खुद आग लगाई है।
उधर, जिला अस्पताल से कानपुर ले जाते समय देर रात विवाहिता ने दम तोड़ दिया था। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। योगमाया के दो पुत्र हैं। पति मुकेश मजदूरी करता है। घटना के संबंध में शहर कोतवाल मनोज शुक्ल का कहना है मृत्यु पूर्व विवाहिता के बयान लिए गए हैं। बयान के आधार और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
ठेलिया से विवाहिता को ले जाने का वीडियो वायरल
शहर कोतवाली क्षेत्र के खुटला मोहल्ले में हुई घटना पर जली हुई विवाहिता को ठेलिया से मोहल्ले तक पहुंचाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। हालांकि इस संबंध में मृतका के ममेरे भाई प्रमोद का कहना है कि उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया था। एंबुलेंस पहुंची भी थी। चूंकि उनका घर खुटला मोहल्ले में पहाड़ तले है वहां एंबुलेंस नहीं पहुंच सकती। इसलिए वह विवाहिता को लेकर मोहल्ले की सड़क तक ठेलिया में लेकर पहुंचे थे।