बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला की दुष्कर्म के बाद कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गयी। वह गांव के बगल से लगे जंगल में रोजाना की तरह सोमवार को बकरी चराने गयी थी। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। रक्तरंजित अवस्था में जंगल मे सिद्ध बाबा स्थान से कुछ दूर उसका शव मिला।
शरीर में कपड़े नहीं थे। मुंह मे मिट्टी भरी थी। ग्रामीणों का कयास है कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मृतक महिला का पति सिलाई की दुकान चलाता है। महिला के बेटे और पति ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। यह भी बताया कि पुलिस को सूचना दी गई तो वह रात करीब 12 बजे ही शव को बांदा ले गई। यह भी आरोप लगाया कि दुष्कर्म कर हत्या की तहरीर दी तो चौकी प्रभारी और तिंदवारी थाना पुलिस ने लौटा दी और केवल हत्या की तहरीर देने का दबाव बनाया।
सीओ सदर सत्यप्रकाश शर्मा का कहना है कि वृद्धा की कुल्हाड़ी मार कर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। अगर पोस्टमार्टम में दुष्कर्म सामने आएगा तो धारा बढ़ा दी जायेगी। जांच की जा रही है।