बांदा। जबरदस्त गर्मी में वायरल फीवर और डायरिया के बाद अब दिमागी बुखार ने भी लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। दिमागी बुखार की चपेट में आई एक महिला की इलाज के दौरान गुरुवार को दोपहर मौत हो गई। डायरिया और वायरल फीवर से पीड़ित 12 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बिलगांव निवासी नरेंद्र की पत्नी सुनीता (28) कई दिनों पहले दिमागी बुखार की चपेट में आ गई थी। उसका प्राइवेट इलाज कराया गया। हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार की दोपहर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। गुरुवार की दोपहर उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
इधर बुखार की चपेट में आए सिकलोढ़ी निवासी अंजना (20), बलखंडीनाका निवासी गोविंद द्विवेदी (22), गिरवां क्षेत्र के बनसखा गांव निवासी अंजली (9 माह), पवई गांव निवासी अभय (11), जमालपुर निवासी मैकी (55), सर्वोदय नगर निवासी रुद्रांश (9 माह) व डायरिया की चपेट में आए अतर्रा निवासी पूजा (12), बड़नपुर गौरिहार निवासी राजू (25), फुल्लापुरवा निवासी खुशी (11), महोखर निवासी सुशील (28), लामा गांव निवासी उर्मिला (35) व फूटाकुआं निवासी पंकज (10) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।