अतर्रा (बांदा)। शुद्धता कार्यक्रम में नाती के साथ बाइक से जा रही महिला को चक्कर आ गया। वह बाइक से गिरकर हो गईं।
परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अनथुवा निवासी अजीत कुशवाहा ने बताया कि उनकी मामी शकुंतला देवी (55) बृहस्पतिवार की दोपहर अपने नाती योगेंद्र (25) के साथ बाइक से मरका के गांव अरमार जा रही थीं। अरमार गांव में पुत्री शोभा के ससुराल में उसकी देवरानी का निधन हो गया था। वह शुद्धता के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहीं थीं।
इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल भराने के बाद जैसे ही वह बाइक से निकले सड़क पर आते ही मामी को चक्कर आने से वह बाइक से नीचे गिरकर घायल हो गईं।
भांजे ने बताया कि मृतका के एक पुत्र विमलेश व तीन पुत्री हैं। घटना से पति अनुरुद्ध समेत सभी बच्चे बेहाल है। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।