बांदा। भतीजी की शादी से लौटते समय बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई। वह बेटे के साथ घर लौट रही थी। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भदेहदू गांव निवासी चंद्रपाल की पत्नी राजकुमारी (50) मंगलवार को शाम अपने बेटे राकेश के साथ बाइक पर घर लौट रही थी। गांव के नजदीक तेज रफ्तार बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों की मदद से पुत्र ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह कोर्रही गांव भतीजी की शादी में शामिल होने गई थी। वापस घर आते समय हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
तीन पूर्व घर से लापता 48 वर्षीय व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत विक्षत मिला। परिजनों के मुताबिक मृतक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। पुलिस भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत बता रही है। मटौंध थाना क्षेत्र के खहरा गांव का बबुवा (50) का क्षत विक्षत शव बुधवार को सुबह खैराडा रेलवे स्टेशन के नजदीक रेल पटरी पर मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि बबुवा तीन दिन पूर्व घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन की गई। पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करा दी गई।
बुधवार को सुबह उसके ट्रेन से कटकर मरने की सूचना प्राप्त हुई। उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था। थाना इंसपेक्टर रामजी सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत प्रतीत हो रही है।