मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के बौसड़ा गांव में जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद प्रसूता रामसखी (30) की हालत बिगड़ गई। सीएचसी में नाजुक हालत देख परिजन जिला अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हालांकि जुड़वा नवजात बेटा-बेटी सुरक्षित हैं।
निवासी रामसंवारे ने बताया कि पत्नी रामसखी को प्रसव पीड़ा हुई। घर पर ही उसने पहले बेटी फिर बेटे को जन्म दिया। कुछ देर बाद उसे रक्तस्राव शुरू हो गया। खून न रुकने पर आशा कार्यकर्ता के माध्यम से एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन आधे घंटे तक नेटवर्क न मिलने से बात नहीं हो सकी। इसके बाद ई-रिक्शा से सीएचसी लेकर गए। जहां से रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि डाॅ. आशुतोष ने काफी देर बाद देखा और खून की कमी बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी एंबुलेंस आधे घंटे बाद मिली। जिला अस्पताल ले जाते समय रामसखी ने दम तोड़ दिया। सीएचसी प्रभारी डाॅ. हारुन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा।