अतर्रा (बांदा)। बारिश में घर के अंदर पानी टपकने से छप्पर छाने चढ़ी महिला को सांप ने डस लिया। घरवालों ने उसका पहले घरेलू उपचार किया, आराम न मिलने पर वे उसे झाड़-फूंक कराने के लिए कालिंजर लेकर जा रहे थे। रास्ते में महिला की हालत और बिगड़ गई। इससे उसे नरैनी सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गोखिया गांव निवासी रमाशंकर ने बताया कि उसकी भाभी सुघरा (50) बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे खपरैल पर चढ़कर पानी गिरने के स्थान को ठीक कर रही थी। तभी उसके हाथ के बीच की हथेली में सांप ने डस लिया। घरवालों ने पहले उसका घरेलू उपचार किया, उससे फायदा न मिलने पर वे उसे कालिंजर थाना क्षेत्र के बरुवा गांव झाड़-फूंक के लिए निजी वाहन से लेकर जा रहे थे।
उसकी और हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर नरैनी सीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति सीताशरण की काफी दिन पहले मौत हो चुकी है। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि महिला की सर्पदंश से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
-
चार लोगों को सांप ने डसा, भर्ती
बांदा। बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। बीते 24 घंटे के अंतराल में अलग-अलग क्षेत्रों में चार लोगों को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरका थाना क्षेत्र के कल्लू ने बताया कि उसके पुत्र अब्दुल रहीम (35) को शुक्रवार को सुबह सांप ने डस लिया। इसी तरह से बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल निवासी रमेश कुमार ने बताया कि उसके पुत्र उमेश (37), मटौंध थाना क्षेत्र के मुरेड़ी गांव के जगदेव ने बताया कि उसके पुत्र दीपक (29) व भूरागढ़ गांव के रमेश ने बताया कि उसकी पत्नी सुंता (30) को सांप ने डस लिया।