कुलसारी गांव में खेतों का निरीक्षण करते नरैनी तहसीलदार एसके सिंह।
- फोटो : BANDA
बदौसा। नरैनी तहसील के कुलसारी गांव में ओलावृष्टि और बारिश से फसल को पहुंचे भारी नुकसान के सदमे में चल बसे किसान गोला यादव के खेत का नरैनी तहसीलदार ने खुद निरीक्षण किया। उनके साथ कानूनगो और लेखपाल भी थे।
मृतक के पुत्र गुलाबचंद्र ने बताया कि तहसीलदार और राजस्व कर्मी उस खेत में नहीं गए, जहां उसके पिता ने बर्बादी देखी थी।
पुत्र का कहना है कि राजस्व टीम ने मनमाफिक बयान लिखकर ग्राम पंचायत सदस्य, भगत, गुलाबचंद्र, फूलचंद्र, नत्थू, कमलेश आदि के हस्ताक्षर करा लिए।
उधर, तहसीलदार एसके सिंह ने डीएम को भेजी जांच रिपोर्ट में कहा है कि बेमौसम बारिश से फसलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। गांव में अच्छी फसल है।
कहा है कि 13 मार्च को किसान गोला प्रसाद अपना खेत देखने गया था। घर आकर बीमार हो गया। घरवाले उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, रास्ते में मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। तहसीलदार ने मौत की वजह बुढ़ापा और बीमारी बताई है।