कमासिन (बांदा)। थाना क्षेत्र के पछौहा गांव निवासी सुमन देवी (22) पत्नी वली पासवान ने मंगलवार को देर शाम घर में जहरीला पदार्थ पी लिया। उसे हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक घर में गेहूं रखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था।
गुस्से में पति ने सुमन को थप्पड़ जड़ दिए। इसी से नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हुई और उसे अस्पताल ले गए। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
थाने में मृतक के पिता फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना अंतर्गत शाहपुर कोठइया गांव निवासी शिव बालक पासवान ने बताया कि दो साल पहले उसने पुत्री की शादी की थी। नागपंचमी के पहले वह खुद पुत्री को ससुराल पछौंहा गांव छोड़ आया था। दहेज के बावत कभी कोई बात नहीं हुई। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के कोई संतान नहीं थी।